उत्तरकाशी में 535 ग्राम चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अफीम की अवैध खेती के दो मामलों में वांछित आरोपी भी पकड़े

उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन के दौरान नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान 535 ग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब एक लाख सात हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा अफीम की अवैध खेती से जुड़े दो मामलों में वांछित चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जनपद में नशे की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 अक्टूबर की शाम मोरी-पुरोला मार्ग पर पेटियांना जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस ने होंडा डियो स्कूटी संख्या यूके 16 एफ 1068 से चरस का परिवहन कर रहे पंकज कुमार (20 वर्ष), निवासी ग्राम लखनवाला, थाना सहसपुर, देहरादून और अभिषेक (25 वर्ष), निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 535 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मोरी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, थाना मोरी में मई 2026 में अफीम की अवैध खेती के संबंध में दर्ज दो मुकदमों में प्रकाश में आए और वांछित चल रहे पालेश्वर (46 वर्ष) तथा रत्ना (53 वर्ष) को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
चरस तस्करी के मामले में पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत, आरक्षी अजय रमोला, बिशन और कवीन्द्र राणा शामिल रहे। वहीं, अफीम की अवैध खेती के मामलों में गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत और मुख्य आरक्षी अब्बल सिंह शामिल रहे।


