HTML tutorial
HTML tutorial

नानकमत्ता में फायरिंग कर हत्या के मामले में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा

नानकमत्ता में फायरिंग कर हत्या के मामले में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा
Spread the love

उधमसिंह नगर। नानकमत्ता में घर पर पथराव और फायरिंग कर सतनाम सिंह (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने कुलदीप सिंह के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को सोनू सिंह निवासी ग्राम सिद्धानवदिया, कोतवाली नानकमत्ता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने अवैध तमंचों से लैस होकर एकराय में उनके घर पर पथराव और फायरिंग की। इस दौरान उनके भाई सतनाम सिंह को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली नानकमत्ता में नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी संख्या 239/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक नानकमत्ता स्वयं कर रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस टीमों ने वादी के बयान, साक्ष्यों के संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरागरसी करते हुए 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कुलदीप सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त सामग्री और आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप सिंह के विरुद्ध पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के विरुद्ध थाना खटीमा में दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों के विवरण के आधार पर भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में कोतवाली नानकमत्ता के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, मनोज जोशी, संजय कुमार, प्रदीप कोहली, अशोक कांडपाल और नवल किशोर सहित एसओजी ऊधमसिंह नगर की टीम तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles