मुखानी में दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार, 9 लाख से अधिक का माल बरामद
नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के कुशल नेतृत्व में मुखानी क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में चोरी की घटनाएं दर्ज की गई थीं। पहले मामले में वादी ललित सिंह द्वारा घर से नगदी और चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जबकि दूसरे मामले में घनश्याम चंद्र के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी व एसओजी प्रभारी राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच की। जांच में दोनों घटनाओं में एक ही व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने 03 अप्रैल 2026 को गुसाईपुर तिराहे के पास से आरोपी मुंशी राम उर्फ सोनू (41 वर्ष), निवासी सहारनपुर को चोरी के आभूषण व नगदी के साथ गिरफ्तार किया। बरामदगी में दोनों मामलों से संबंधित सोने-चांदी के जेवरात और नगदी शामिल हैं।
उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 1500 रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इस अभियान में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, बलवंत सिंह, रविंद्र खाती, अरविंद बिष्ट एवं अनिल गिरी शामिल रहे।

