उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क, पंचायत चुनाव मतगणना के दौरान मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित
उत्तरकाशी जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना 31 जुलाई को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ कर ली हैं। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए हैं, और मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
24 और 28 जुलाई को दो चरणों में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना 31 जुलाई को जनपद उत्तरकाशी के छह विकासखंड—भटवाड़ी, डुण्डा, चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला एवं मोरी में आयोजित की जानी है। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती सरिता डोबाल के नेतृत्व में उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
क्षेत्राधिकारी उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार एवं क्षेत्राधिकारी बड़कोट श्री देवेंद्र सिंह नेगी के निकट पर्यवेक्षण में 30 जुलाई को मतगणना ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारियों द्वारा ब्रीफ किया गया। उन्हें सतर्कता और संवेदनशीलता से ड्यूटी निभाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। मतगणना स्थल पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा केवल आईडी कार्ड से सत्यापित अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
मतगणना कक्ष में ज्वलनशील सामग्री, हथियार, ब्रीफकेस या अन्य संदिग्ध वस्तुएँ ले जाने पर पूर्ण रोक है। मोबाइल फोन ले जाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, चाहे वह मतगणना कर्मी हो या कोई अधिकृत अभिकर्ता।
इस महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु 2 पुलिस उपाधीक्षक, 8 निरीक्षक, 49 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक सहित कुल 550 से अधिक सुरक्षाकर्मी — जिनमें पुलिस, फायर, पीएसी, होमगार्ड व पीआरडी के जवान शामिल हैं — को तैनात किया गया है।
उत्तरकाशी पुलिस की इस सख्त और संगठित व्यवस्था का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है, जिससे लोकतंत्र की जड़ों को और अधिक मज़बूती मिले।

