देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल की मौजूदगी में विश्व मानक दिवस समारोह, सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर

देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से बुधवार को विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर मोहबेवाला स्थित होटल रीजेंटा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7 : सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र तथा बीआईएस के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और सतत विकास में भारतीय मानकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा यूआईडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, ऊर्जा संरक्षण और दक्षता बढ़ाने तथा नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के उपयोग के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस अवसर पर एक्साइड, माइक्रोटेक, नोवाट्योर और मोचिको के विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने आधुनिक ऊर्जा प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा दक्षता तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में गुणवत्ता और मानकीकरण के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, प्रमुख बीआईएस लाइसेंसधारकों और बीआईएस मेंटर्स को गुणवत्ता व्यवस्था को मजबूत बनाने, भारतीय मानकों के प्रचार-प्रसार तथा गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य उद्योगों और अन्य हितधारकों को गुणवत्ता, उपभोक्ता सुरक्षा और मानकों के अनुपालन के प्रति प्रेरित करना रहा।
बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए नियमों के अनुपालन को सुगम करने तथा हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन, बीआईएस प्रमाणन और हॉलमार्किंग उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के साथ उद्योगों में गुणवत्ता के उच्च स्तर को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने, ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। इसके लिए उद्योगों, सरकारी विभागों, मानक विशेषज्ञों और उपभोक्ताओं के बीच समन्वय एवं सहयोग को मजबूत करना जरूरी है।
विश्व मानक दिवस 2026 का यह आयोजन गुणवत्ता, नवाचार, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के प्रति भारतीय मानक ब्यूरो की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के साथ उद्योग जगत और विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।


