यमुना एक्सप्रेस-वे पर चार दर्जन से अधिक गाड़ियां आपस में टकराई
उत्तर प्रदेश के मथुरा में आज सुबह छाए घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर चार दर्जन से अधिक गाड़ियां आपस में टकराती चली गईं. इससे करीब तीन दर्जन लोग घायल हो गए. इनमें से आधे दर्जन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
घायलों को मथुरा व आगरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर हालत इतनी खराब हो गई कि आवागमन सुचारू करने के लिए पुलिस को घण्टों मशक्कत करनी पड़ी.
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया, ‘सुबह पांच व छह बजे के मध्य जैसे-जैसे कोहरा पड़ने की रफ्तार तेज हुई, एक के पीछे एक, गाड़ियां टकराती चली गईं. इनमें छोटी कारों से लेकर बड़ी बसें तक शामिल हैं.’ उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 30 गाड़ियां एक के बाद एक टकराती चली गईं.
एएसपी ने बताया, ‘दुर्घटना में कुल तीन दर्जन से अधिक व्यक्ति घायल हुए हैं जिनमें 5 से 6 चालक व आगे बैठे यात्रियों की हालत ज्यादा खराब है. कई घायलों को वाहनों को काटकर निकाला गया है.’ उन्होंने कहा, ‘यह बड़े अफसोस की बात है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले कमोबेश सभी वाहन चालक मौसम के अनुसार दी जाने वाली हिदायतों का पालन नहीं करते. जिसके चलते पल भर में इतने बड़े हादसे हो जाते हैं.’
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक फरमूद अली ने बताया कि आज सुबह 8:30 बजे के करीब आगरा से नोएडा की तरफ आते हुए पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माणाधीन ब्रिज के पास एक स्कार्पियो कार यमुना एक्सप्रेस वे पर रखें रोड़ी के एक बोरे से टकरा गई. उसके पीछे आ रही एक बस स्कार्पियो से टकराई. देखते ही देखते एक के बाद एक करीब 50 गाड़ियां टकरा गई. कोहरा इतना ज्यादा था कि 10 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था.

