युवा मंत्रालय ने एशियाई खेल 2026 और अन्य बहु-खेल आयोजनों के लिए जारी किए चयन मानदंड

युवा मंत्रालय ने एशियाई खेल 2026 और अन्य बहु-खेल आयोजनों के लिए जारी किए चयन मानदंड
Spread the love

नई दिल्ली(पीआईबी)।युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने एशियाई खेल 2026 और अन्य बहु-खेल आयोजनों में खिलाड़ियों और टीमों की भागीदारी के लिए चयन मानदंड जारी किए हैं। इसका उद्देश्य एक पारदर्शी और न्यायसंगत ढांचा तैयार कर यह सुनिश्चित करना है कि केवल उन एथलीटों को ही बहु-विषयक खेल आयोजनों में भागीदारी के लिए विचार किया जाए जिनके पास पदक जीतने का वास्तविक मौका है।

चयन मानदंड मापनीय और गैर-मापनीय दोनों प्रकार की प्रतियोगिताओं पर आधारित हैं और ये एशियाई खेल, पैरा एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई इनडोर खेल, एशियाई समुद्र तट खेल, युवा ओलंपिक, एशियाई युवा खेल और राष्ट्रमंडल युवा खेल जैसी बहु-खेल प्रतियोगिताओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे। ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जिनमें भागीदारी अंतरराष्ट्रीय महासंघ द्वारा निर्धारित योग्यता मानकों से तय होती है, इसके दायरे में नहीं आएंगी।

मापनीय व्यक्तिगत खेल और स्पर्धाओं के लिए, कोई भी खिलाड़ी भारतीय दल में तभी शामिल हो सकेगा जब उसने आगामी एशियाई खेलों से पहले 12 महीनों के भीतर आयोजित किसी अंतरराष्ट्रीय महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में पिछले एशियाई खेलों के छठे स्थान के प्रदर्शन के बराबर या उससे बेहतर प्रदर्शन किया हो। यदि खेल या स्पर्धा पिछले एशियाई खेलों में शामिल नहीं थी, तो चयन आगामी सीनियर एशियाई चैंपियनशिप के समान मानकों के आधार पर होगा।

गैर-मापनीय व्यक्तिगत खेलों और स्पर्धाओं के लिए, जहां पिछले 12 महीनों में सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप आयोजित की गई हो या विश्व रैंकिंग नियमित रूप से जारी की जाती हो, ऐसे खिलाड़ी को दल में शामिल करने पर विचार किया जाएगा जिसने अंतिम सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप में छठा या उससे बेहतर स्थान प्राप्त किया हो या उसकी एशियाई देशों में शीर्ष 6 में रैंकिंग हो।

यदि आगामी एशियाई खेलों से पहले कोई सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप आयोजित नहीं हुई है और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग उपलब्ध नहीं है, तो खिलाड़ी को समकक्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एशियाई देशों के बीच शीर्ष 6 में स्थान प्राप्त करना होगा।

टीम खेलों और टीम स्पर्धाओं के लिए, 12 महीनों के भीतर आयोजित अंतिम सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में शीर्ष 8 में स्थान प्राप्त करने वाली टीम या अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग में एशियाई देशों में शीर्ष 8 में स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए विचार किया जाएगा। यदि रैंकिंग या चैम्पियनशिप उपलब्ध नहीं है, तो टीम को समकक्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशियाई देशों में शीर्ष 8 में होना चाहिए।

मानदंड में छूट का प्रावधान भी है। मंत्रालय को अधिकार है कि यदि किसी विशिष्ट खेल या भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के विशेषज्ञ उचित कारण बताते हैं, तो खिलाड़ियों और टीमों की भागीदारी में छूट की सिफारिश मान्य की जा सकती है।

यदि राष्ट्रीय खेल महासंघ केवल भागीदारी का उद्देश्य रखते हैं और उत्कृष्टता प्राप्त करना नहीं चाहते, तो मंत्रालय उनके अनुशंसित नामों को मंजूरी नहीं देगा।

मंत्रालय यह सुनिश्चित करेगा कि केवल वे खिलाड़ी, कोच और सहायक कर्मचारी ही दल का हिस्सा हों, जिन्हें सरकार की लागत पर मंजूरी दी गई है। कोई अतिरिक्त सदस्य शामिल नहीं किया जाएगा, भले ही उसके लिए सरकार का खर्च न हो।

देवभूमि खबर

Related articles