देहरादून में होगा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन : डॉ. नरेश बंसल
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियान की तर्ज पर अब देहरादून में भी नई खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आगामी सांसद खेल महोत्सव को लेकर आज सांसद राज्यसभा एवं भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष डॉ. नरेश बंसल की अध्यक्षता में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम से लेकर जिला स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
न्यूज़: देहरादून, 9 सितम्बर 2025। सांसद खेल महोत्सव के तहत देहरादून जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न स्तरीय खेलों की तैयारी को लेकर डॉ. नरेश बंसल ने अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में तय किया गया कि ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 27 अक्टूबर को, ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 12-13 नवम्बर को और जिला स्तरीय खेल 20 से 25 दिसम्बर तक आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित हो रहे सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेलों का आयोजन ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से किया जाए ताकि युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के युवा खिलाड़ियों को मंच और प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। इसी दिशा में सांसद खेल महोत्सव भी एक बड़ा अवसर है, जिसमें जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन और खेल अधिकारी सीधे खिलाड़ियों से जुड़ेंगे।
डॉ. बंसल ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे सांसद खेल महोत्सव पोर्टल पर टीम या व्यक्तिगत श्रेणी में पंजीकरण कर अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देहरादून श्री अभिनव शाह, परियोजना निदेशक श्री विक्रम सिंह, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा श्री ए.एस. उनियाल, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा श्री आलोक मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री विनोद कुमार ढौड़ियाल, उप निदेशक माई भारत श्रीमती मोनिका नांदल, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री पी.सी. पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रवीन्द्र भंडारी, सहायक प्रशिक्षक श्री संदीप डुकलान और फुटबॉल प्रशिक्षक श्री दीपक कुमार उपस्थित रहे।
