आप प्रमुख केजरीवाल ने उत्तराखंड के लोगों को बिजली के मामले में चार गारंटी दी, 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा
देहरादून। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज देहरादून पहुंचे हैं। उन्होंने आज एक निजी होटल में प्रेस वार्ता करते हुए बीजेपी औऱ कांग्रेस पर प्रहार कर प्रदेश को छलने का आरोप लगाया।उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को बिजली के मामले में चार गारंटी दी हैं। साथ ही सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रदेशवासियों को 300 यूनिट बिजली फ्री देने, बिजली कटौती पर रोक, गलत बिल से जुड़े मामलों में पुराने बिल माफ करने और किसानों की बिजली पूरी तरह से माफ करने की गारंटी दी है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देहरादून में 4 गारंटी देने आए हैं। उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही सरकारें बारी-बारी से प्रदेश को लूटती रही है। अब एक ऐसी सरकार की जरूरत है, जो अच्छा गवर्नेंस दे। लिहाजा, वह अपने इस दौरे में लोगों को चार गारंटी दे रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आते ही पहला निर्णय फ्री बिजली को लेकर होगा, इसमें 300 यूनिट बिजली प्रत्येक परिवार को मुफ्त की जाएगी। गलत बिल वाले मामलों में पुराने बिल माफ किए जाएंगे, बिजली कटौती पूरी तरह से बंद की जाएगी और किसानों के बिल माफ करने का काम आम आदमी पार्टी सरकार करेगी। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह वादा करते हैं कि उनकी सरकार आने पर आने वाले 5 सालों तक कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त सरकार होगी। खास बात यह है कि अरविंद केजरीवाल ने मंच से ही भाजपा और कांग्रेस के उन तमाम नेताओं को आम आदमी पार्टी में शामिल होने का न्योता दे दिया, जो इन पार्टियों में खुद को कुंठित और दबा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार हो या फिर कांग्रेस की सरकारों लगातार उत्तराखंड को बर्बाद करने का काम दोनों सरकारों ने किया है साथ ही उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड के ऊर्जा मंत्री ने कहा की उत्तराखंड वासियों को 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे और 200 यूनिट बिजली का 50% माफ करेंगे तो मुझको बड़ी खुशी हुई लेकिन वही आशंका भी थी कि कहीं है अपने जान से पलटना जाए लेकिन उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री ने 24 घंटे में आशंका को खत्म कर दिया और उन्होंने कह दिया कि ऐसी कोई योजना नहीं है जिसमें हम उत्तराखंड वासियों को बिजली मुफ्त दें
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे हर दूसरे या तीसरे महीने में आकर अपना वादा और गारंटी देंगे।

