खाई में गिरी स्कूली वैन, चार बच्चों की मौत 10 घायल

देहरादून। । टिहरी जिले के प्रतापनगर-कंगसाली-मदननेगी मोटर मार्ग पर बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन कंगसाली के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि दस बच्चे घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह की है। प्रतापनगर-कंगसाली-मदननेगी मोटर मार्ग पर एक स्कूली वैन कंगसाली के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिससे मौके पर चीख पुकार मच गयी। आननफानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। वैन में 14 बच्चे सवार थे। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। सूचना पर आसपास के लोग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर घायल बच्चों को खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। अभी मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

