सीएम डैशबोर्ड मात्र वित्तीय और भौतिक प्रगति ही नहीं, बल्कि आउटकम पर ध्यान दें:सीएस
देहरादून।देवभूमि खबर। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने गुरुवार को सचिवालय में सीएम मॉनिटरिंग डैशबोर्ड के अन्तर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड मात्र वित्तीय और भौतिक प्रगति ही नहीं, बल्कि आउटकम (परिणाम) पर भी विशेष जोर दिया जाना है। उन्होंने केपीआई (की परफोर्मेंस इंडीकेटर) के अन्तर्गत सही लक्ष्यों को चुने जाने के निर्देश दिए। केपीआई के अन्तर्गत लक्ष्य और आउटकम दोनों स्पष्ट होने चाहिए।मुख्य सचिव ने कुछ विभागों द्वारा पोर्टल पर लगातार अपडेट करते रहने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अन्य विभागों द्वारा भी इसमें तेजी लायी जाए। सभी विभाग लगातार सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड करते रहें। जन सेवा से जुड़ी हुयी योजनाओं पर विशेष बल दिया जाएगा। खासतौर पर सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य बुनियादी जन सेवाओं पर फोकस किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि कैरियर काउंसलिंग पर और अधिक ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा पूरी करने बाद छात्र द्वारा प्राप्त रोजगार और उसकी औसत आय क्या रही इस पर भी ध्यान देने के लिए एक मैकेनिज्म तैयार करने पर विचार किया जाए।

