जिलाधिकारी मंगेश ने ली तीर्थ पुरोहित एवं आल वेदर प्रभावितों की बैठक
रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने आल वेदर रोड से प्रभावित गिवाड़ी गांव के प्रभावितों व केदारनाथ तीर्थ पुरोहित समाज के शेष भवन स्वामियों के साथ बैठक कर उन्हें आश्वासन दिया कि किसी भी प्रभावित व तीर्थ पुरोहित समाज के भवन स्वामियों की अनदेखी नहीं होगी और हर प्रभावित को हक के अनुसार मुआवजा व अधिकार दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि केदारपुरी का प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में तैयार किया जा रहा है।
तहसील परिसर में आयोजित बैठक में आल वेदर रोड़ से प्रभावित गिवाड़ी गांव निवासी दिनेश चन्द्र भट्ट ने कहा कि आॅल वेदर रोड के अधिकारियों के मानक सही नहीं है और मकानों के ऐवज में मुआवजा कम है, जिस पर तहसीलदार जयबीर राम बधाणी ने बताया कि डेढ़ मीटर का मानक माना गया है। गिवाड़ी गांव के प्रभावितों ने कहा कि आल वेदर रोड के निर्माण से पैदल मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से नौनिहालों को जान जोखिम डालकर आवाजाही करनी पड रही है। उन्होंने कहा कि राजमार्ग निर्माण से प्रभावित मकानों का दुबारा सर्वे किया जाय और नये सर्वे के अनुसार मुआवजा दिया जाय, जिस पर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार की अनदेखी नहीं की जायेगी तथा हर एक प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि खाता संख्या सात में अधिक विवाद है, इसलिए उन्होंने तहसील प्रशासन को हर समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने केदारनाथ तीर्थ पुरोहित समाज के शेष भवन स्वामियों के साथ बैठक कर सुझाव मांगे, जिस पर तीर्थ पुरोहित ने कहा कि सभी भवन स्वामियां को उचित हक मिलना चाहिए। क्योंकि यात्रा के समय उन्हें भारी परेशानियां उठानी पड़ती हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि केदारपुरी में प्रथम चरण में 113 भवन बनने थे, जिसमें 40 भवन बन चुके हैं और 43 भवन सितम्बर तक बनकर तैयार हो जायेंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी भवन स्वामी के हितों की अनदेखी नहीं होगी। उन्होंने राजस्व उप निरीक्षक फाटा को केदारपुरी में शेष भवनों का सर्वे करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पांच भवनों की मरम्मत के लिए ढाई करोड़ रूपये प्राप्त हो चुके हैं और आगामी यात्रा सीजन से पहले पांचों भवनों को तैयार किया जायेगा। कहा कि केदारपुरी का प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देखरेख में चल रहा है और उनके निर्देशों पर ही केदारपुरी में पुनर्निर्माण कार्य संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकार ने बताया कि आगामी समय में मन्दाकिनी नदी के किनारे मन्दाकिनी काॅलोनी का निर्माण कर प्रथम तल में पचास दुकानें व द्वितीय तल में भवनों का निर्माण किया जायेगा। इस मौके पर एसडीएम परमानंद, नायब तहसील जयकृत सिंह रावत, आरके सतीश भट्ट, राजस्व उप निरीक्षक वासुदेव जगवाण, रामेश्वर प्रसाद, कमलेश प्रसाद, बृजमोहन सेमवाल, देवानन्द, मुरलीधर भट्ट, विजया देवी, राजेन्द्र भट्ट, शकुन्तला देवी, अनिरूध शुक्ला, विपिन तिवारी, अशोक, राजेन्द्र मौजूद थे।

