दून समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में मूसलाधारी बारिश से गिरा तापमान

Spread the love

देहरादून। ।देवभूमि खबर।रविवार सुबह दून में तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मसूरी में मूसलाधार बारिश से बाजारों में सन्नाटा पसर गया। उधर, ऋषिकेश में बीन नदी का जलस्‍तर बढ़ गया। मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 24 घंटे में राज्य के पर्वतीय भागों में कहीं-कहीं हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच मैदानी क्षेत्र में दो से तीन डिग्री तक पारा चढ़ने की संभावना भी है।
दून समेत प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाये रहे, जबकि हरिद्वार एवं ऊधम सिंह नगर में धूप खिली रही। इस दौरान देहरादून, हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई। पहाड़ी जिलों में रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी व पौड़ी जिले में दिनभर हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही।
उधर, कुमाऊं मंडल के चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, आदि जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। निचले इलाकों के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मानसून सीजन होने के बावजूद पिछले 48 घंटे में देहरादून में 15.1 एवं मसूरी में 17.2 मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 32.6 व 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मसूरी का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 24.9 व 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles