झील के चारों तरफ रिंग रोड़ निर्माण की योजना भी काॅन्सेप्ट में रखी जाय:वी. षणमुगम

Spread the love

नई टिहरी ।देवभूमि खबर। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के जनपद टिहरी को अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की संकल्पना को साकार रूप दिये जाने को लेकर जीसी ग्रुप आॅफ कम्पनीज लखनऊ के अधिकारी काॅन्सेप्ट तैयार करने के लिए टिहरी झील क्षेत्र का निरीक्षण करने पंहुचे। जीसी ग्रुप आॅफ कम्पनीज के अधिकारियों के निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी डाॅ.वी. षणमुगम द्वारा कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सम्बन्धित कम्पनी के अधिकारियों से काॅन्सेप्ट का आईडिया लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित कम्पनी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि झील के चारों तरफ रिंग रोड़ निर्माण की योजना भी काॅन्सेप्ट में रखी जाय। वहीं जीसी ग्रुप आॅफ कम्पनीज के अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि टिहरी झील एक अमूल्य धरोहर है जिसे टूरिस्ट आकर्षण का केन्द्र बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टिहरी झील क्षेत्रान्तर्गत खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग काॅन्सेप्ट का मुख्य आधार रहेगा। प्लान इस प्रकार से बनाया जायेगा कि निजी निवेशक टिहरी झील क्षेत्रान्तर्गत निवेश के लिए प्रोत्साहित होगा। उन्होने बताया कि काॅन्सेप्ट निर्माण के पश्चात काॅन्सेप्ट को जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किया जायेगा।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश सिंह यादव, सहायक जिला पर्यटन अधिकारी विजय सिंह, जीसी ग्रुप आॅफ कम्पनीज के चेयरमैन संजय सिन्हा एवं चीप आॅपरेटिंग आफिसर उमेश कुमार उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles