कांग्रेस ने जहरीली शराब कांड मामले में मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

Spread the love

देहरादून। जहरीली शराब पीने से राजधानी देहरादून में हुई मौतों के मामले ने कांग्रेस को सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा थमा दिया है। पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस घटना से जाहिर हो गया कि राज्य में सरकार नाम की चीज नहीं है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विभागों को संभालने में विफल साबित हुए हैं। कांग्रेस मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार की नाक के नीचे ही जहरीली शराब का धंधा चलना गजब बात है। रुड़की में जहरीली शराब की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। जनता सरकार की कार्यप्रणाली से अचंभित है। पूरा प्रदेश पहले से ही डेंगू समेत तमाम बीमारियों की चपेट में है। मुख्यमंत्री के पास स्वास्थ्य मंत्रालय है। इस मंत्रालय का बेड़ा गर्क हो चुका है। अब आबकारी विभाग की बड़ी गलती सामने आ गई है। यह विभाग भी मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं। यह भी साबित हो रहा है कि मुख्यमंत्री से विभाग संभल नहीं रहे हैं। इस लापरवाही के चलते जनता की मुसीबत बढ़ रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने अवैध शराब पीने से हुई मौतों पर गहरा दुरूख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रुड़की की घटना से सबक सीखा होता तो यह नौबत नहीं आती। सरकार की नाक के नीचे नकली शराब का कारोबार हो रहा है। यह स्पष्ट हो गया कि इसमें सरकार के कारकून शामिल हैं। उन्होंने प्रति पीड़ित परिवार को 10 लाख क्षतिपूर्ति देने की मांग सरकार से की। प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि देहरादून शहर के बीचोंबीच जहरीली शराब के सेवन से लोगों का मरना गंभीर मामला है। प्रदेश में खुलेआम अवैध शराब की तस्करी हो रही है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

देवभूमि खबर

Related articles