आखिरी बार उद्घाटन का शौक पूरा कर रहे माननीय मोदी:अखिलेश
लखनऊ।एजेंसी।2019 लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के तूफानी दौरे पर हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी की वाराणसी से गाजियाबाद तक पूरे यूपी को एक साथ मथने की तैयारी है। वाराणसी में जहां पीएम ने काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की नींव रखी। वहीं, राजधानी लखनऊ, आगरा, कानपुर और गाजियाबाद को भी पीएम कई सौगातें देंगे।
इस बीच चुनावी साल में पीएम की तरफ से यूपी को दी जा रही इन सौगातों पर पूर्व सीएम और एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसा है। अखिलेश ने अप्रत्यक्ष रूप से पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एसपी सरकार की योजनाओं का दोबारा उद्घाटन करने आखिरी बार दिल्ली से माननीय आ रहे हैं।
बता दें कि पीएम मोदी ने सबसे पहले अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के लिए भूमि पूजन किया और नींव की ईंट रखी। वह कानपुर के निराला नगर रेलवे ग्राउंड में 72 हजार करोड़ रुपये के प्रॉजेक्ट्स के शिलान्यास करेंगे।

