जिलाधिकारी ने कोठगी सिंचाई लिफ्ट पेयजल योजना का निरीक्षण किया
रूद्रप्रयाग।जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने नलकूप विभाग की विकास खण्ड अगस्त्यमुनि के अन्तर्गत निर्मित कोठगी सिंचाई लिफ्ट पेयजल योजना का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनता उपस्तिथ थी । पाया कि विभाग द्वारा पेयजल लाईन पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल वितरण हेतु वितरण वेल्व स्थापित नहीं किये गये हैं, जिस कारण ग्रामीणों को खेतों में सिंचाई करने हेतु काफी परेशानी होती है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, नलकूप खण्ड को ग्रामीणों की आवश्यकतानुसार पेयजल योजना पर वितरण वेलव स्थापित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम कोठगी में नलकूप विभाग द्वारा निर्मित सिंचाई लिफ्ट पेयजल योजना के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा अगवत कराया गया कि वर्तमान में गेहूं की खेती की जा रही है, जिसकी सिंचाई हेतु पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आवश्यकता है, जिस सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि आगामी एक माह तक उक्त सिंचाई लिफ्ट योजना से दिन के साथ-साथ रात्रि में भी नियमित रूप से पम्प चलवाते हुए ग्रामीणों को खेतों की सिंचाई हेतु पेयजल आपूर्ति करवाना सुनिश्चिित करें।
सिंचाई लिफ्ट पेयजल योजना के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पेयजल लाईन पर कतिपय ग्रामीणों द्वारा अनाधिकृत रूप से निजी पाईप कनेक्शन लगाये गये हैं, जिस कारण ग्रामीणों को पेयजल की उचित आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिस सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता नलकूप खण्ड एवं क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि तत्काल उक्त निजी अनाधिकृत पाईप कनेक्शनों को हटवाना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही ग्रामीणों द्वारा अगवत कराया गया कि ग्राम के अन्तर्गत एक पेयजल टैंक लगभग 50 वर्ष पुराना है, जिसमें वर्तमान में गदेरे का पानी स्टोर किया जा रहा है, लेकिन टैंक काफी पुराना होने व टैंक में लीकेज अत्यधिक होने से पानी स्टोर नहीं हो पा रहा है। इसके समाधान हेतु जिलाधिकारी ने जल संस्थान द्वारा निर्मित पेयजल टैंक में योजना का पेयजल संयोजित करने एवं जल संस्थान को टैंकों की मरम्मत तथा फिल्टर स्थापित करने के निर्देश दिये गये।

