पत्रकार वार्ता मे तीरथ ने गिनाईं एक वर्ष की उपलब्धियां,त्यागपत्र पर चुपी
देहरादून,।उत्तराखंड में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा त्यागपत्र दिये जाने की चर्चाओं के मध्य विधायक दल की शनिवार को बैठक आहूत किये जाने के साथ स्वयं तीरथ ने देर रात्रि बीते एक वर्ष की राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।
सचिवालय स्थित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि गत एक वर्ष से कोरोना महामारी के कारण विश्व की अर्थ व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इससे उत्तराखंड राज्य की अर्थव्यवस्था भी अछूती नहीं रही है तथा रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से राजकीय विभागों में सीधी भर्ती के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को आगामी छः माह में पूर्ण कर बेरोजगार युवाओ को 20 हजार नियुक्तियां प्रदान करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने विभिन्न विभागों में तृतीय एवं द्वितीय श्रेणी के पदों की स्थिति का भी विभागवार विवरण प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य सरकार तथा फील्ड स्तर के पदों पर भर्ती करने की व्यवस्था को गति प्रदान की जा रही है ताकि कई वर्षों से रिक्त पदों को भरा जा सके। उन्होंने कहा कि इससे जहा युवाओं को रोजगार मिलेगा, वही निचले स्तर तक कार्मिकों की नियुक्ति होने से प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ेगी एवं नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की उपलब्धता में गुणात्मक सुधार भी होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में विभिन्न विभागों के 14681 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया विभिन्न आयोगों तथा संस्थाओ में गतिमान है। इन पदों आगामी छः माह में पूर्ण करने के निर्देश निर्गत किये जा रहे है।
श्री रावत ने बताया कि लगभग 5000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया नियमावली अथवा किसी अन्य प्रशासनिक कारण से नहीं हो पा रही है, उनके लिए सचिव कार्मिक की अध्यक्षता में एक टास्क फ़ोर्स बनाय गया है जो 20 जुलाई 2021 तक सभी आपत्तियों का निराकरण कर अध्याचन सम्बंधित आयोग को उपलब्ध कराएँगे। उन्होंने कहा कि उक्त टास्क फोर्स में सम्बंधित विभाग तथा आयोग के अधिकारी भ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सम्मिलित राज्य सेवा हेतु भी परीक्षा आयोजित किये जाने हेतु निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इससे पूर्व, आज सुबह से ही राज्य में मुख्यमंत्री द्वारा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को त्यागपत्र सौंपे जाने की चर्चा थी। श्री तीरथ पिछले तीन दिनों से दिल्ली में थे। जहां उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात भी की थी। यही कारण था कि देर रात्रि अचानक बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं की भीड़ थी, लेकिन श्री तीरथ ने त्यागपत्र सम्बन्धी किसी सवाल का उत्तर नहीं दिया।

