मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राज्यपाल को सौंपा त्यागपत्र
देहरादून।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात्रि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।
शुक्रवार सुबह से ही श्री तीरथ के त्यागपत्र देने की चर्चा थी। रात्रि साढ़े नौ बजे उन्होंने सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में पिछले एक वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने पत्रकारों द्वारा त्यागपत्र के सम्बंध में पूछे प्रश्नों का कोई उत्तर नहीं दिया। इसके बाद रात्रि 11 बजे वह अपने मन्त्रीमण्डल के सहयोगियों सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय, विशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी और विधायक राजेश शुक्ला के साथ राजभवन पहुंचे। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी थे।
श्री तीरथ को राज्यपाल ने नया मुख्यमंत्री चुने जाने तक अपने पद पर बने रहने को कहा है। श्री तीरथ करीब 10 मिनट राजभवन में रहे।
इस बीच सूचना मिली है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के दौरे पर 10 जुलाई को देहरादून आ रहे हैं, जबकि शनिवार शाम 3 बजे विधायक दल की बैठक आहूत की गई है जिसमें दल का नया नेता चुना जाएगा।

