सरकार कोविड के उपचार और रोकथाम की दिशा में पूरी ताकत के साथ कार्य कर रही है: मुख्यमंत्री

सरकार कोविड के उपचार और रोकथाम की दिशा में पूरी ताकत के साथ कार्य कर रही है: मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने आज राज्य की जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता को कोरोना संक्रमण के दौरान सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि आज हमारा देश कोरोना महामारी से जंग लड़ रहा है। इससे हमारा राज्य भी अछूता नहीं है। आप सभी जिस तरह से इस महामारी का डटकर मुकाबला कर रहे हैं, वह अवश्य ही कोविड की जंग जीतने में हमारी मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार भी कोविड के उपचार और रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं, उपकरणों और अन्य सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में पूरी ताकत के साथ कार्य कर रही है। अधिकारियों को राज्य में कोरोना संक्रमितों की मदद सुनिश्चित करने और नियमित रूप से साफ-सफाई का ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए एम्बुलेंस, ऑक्सीजन और दवाई जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को समय से पूरा किया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल को 108 सेवा में 132 अतिरिक्त एम्बुलेंस वाहनों को प्रदेश के सभी 13 जनपदों में भेजा गया है। इनमें छत्तीस (36) एडवांस लाइफ सपोर्ट और छियानवे (96) बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के लक्षण महसूस होने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, तत्काल जांच केंद्र पर जाकर जांच कराएं। इसे छिपाएं नहीं, क्योंकि आपकी जरा सी सावधानी की वजह से अन्य कोई व्यक्ति संक्रमण से बच सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संबंधित किसी भी जानकारी के लिए हमारी सरकार ने टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराए हैं। आप सीधे उन नंबरों पर संपर्क कर चिकित्सकों से परामर्श ले सकते हैं।।सरकारी और निजी अस्पतालों को कोरोना उपचार के लिए उपकरणों अन्य जरूरी दवाइयों, और ऑक्सीजन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। राज्य सरकार ने गत 27 अप्रैल को अहमदाबाद से 7500 रेमडिसिविर इंजेक्शन मंगवाए थे और अभी 2 दिन पहले पुनः एक 2000 इंजेक्शन कि खेप प्रदेश को मिल चुकी है।राज्य सरकार ने विधानसभा के सभी सदस्यों को उनकी विधायक निधि से 1 करोड़ रुपए तक के कोविड कार्यों को करवाने की स्वीकृति दी है। उन्होंने सभी विधायकों से अपेक्षा की है कि वे तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री रावत ने प्रदेशवासियों से भी आग्रह किया है कि इस विपत्ति काल में हमारी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध सुरक्षाकर्मियों, चिकित्साकर्मियों, सफाईकर्मियों और पुलिस बल का सम्मान करें और लोगों की यथासंभव मदद करने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लगातार शासन के उच्च अधिकारियों से बात कर रहा हैं और प्रदेश के 13 जिलों के समस्त जनप्रतिनिधियो और अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं जाकर कोविड अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं और जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश में 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले नागरिकों को कोरोना की वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, मेरा आपसे निवेदन है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए आप सब वैक्सीन अवश्य लगाएं।
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि 18 से 45 वर्ष की आयु के सभी भाइयो-बहनों का निःशुल्क टीकाकरण होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पर्यटकों के लिए चारधाम यात्रा को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। देवभूमि के चारों धामों के कपाट निश्चित तिथि को पूरे विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे और केवल पुजारी और तीर्थपुरोहित ही मंदिरों में रहकर भगवान की नियमित रूप से आराधना करेंगे।
सेल्फ आइसोलेशन में रह कर भी कोरोना का इलाज किया जा सकता है। लक्षण प्रतीत होने पर डॉक्टरी सलाह को प्राथमिकता दें। बुखार महसूस होने पर पैरासिटामोल (500 एमजी) की डोज लें। 24 घंटे के अंतराल में ये डोज 4 से अधिक नहीं होनी चाहिए। शरीर में पानी का स्तर बनाएं रखें और पोषक भोजन लेते रहें।कोरोना होने पर सांस लेने में तकलीफ भी महसूस हो सकती है। घर पर रहते हुए ऑक्सीजन के स्तर में सुधार के लिए प्रोनिंग का सहारा लिया जा सकता है। यह चिकित्सीय रूप से स्वीकृत अवस्था है।सफाई, दवाई और कड़ाई का सख्ती से पालन कर ही कोरोना महामारी से लड़ी जा रही जंग को जीता जा सकता है।

देवभूमि खबर

Related articles