HTML tutorial
HTML tutorial

92 शिकायतें दर्ज, संपत्ति हड़पने, मारपीट और पेंशन में देरी के मामले प्रमुखता से उठे; डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

92 शिकायतें दर्ज, संपत्ति हड़पने, मारपीट और पेंशन में देरी के मामले प्रमुखता से उठे; डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में जनसमस्याओं की पीड़ा सामने आई। किसी बुजुर्ग ने अपने ही बेटे पर संपत्ति हड़पने और मारपीट करने का आरोप लगाया, तो किसी ने बेटी-दामाद और बहू-बेटों की प्रताड़ना से बचाने की गुहार लगाई। पेंशन में देरी, भूमि विवाद, अवैध कब्जे और आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें भी प्रमुखता से उठीं। जनसुनवाई में कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने पीड़ितों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

संपत्ति हड़पने और प्रताड़ना के मामलों पर सख्ती

समाधान दिवस में 89 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक राजन सूद ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने गिफ्ट डीड के माध्यम से धोखे से उनकी पूरी संपत्ति अपने नाम करा ली। इसके बाद व्यवसाय शुरू करने के लिए देखभाल का भरोसा देकर उनके खाते से 15 लाख रुपये भी ले लिए। अब बेटा उनकी देखभाल करने के बजाय उनके साथ मारपीट कर रहा है और उन्हें घर से बेघर करने पर आमादा है। उनकी शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सेलाकुई निवासी 68 वर्षीय शंभू प्रसाद ने अपनी पुत्री और दामाद पर संपत्ति हड़पने के इरादे से जबरन मकान में रहने तथा गाली-गलौज और मारपीट कर परेशान करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी विकासनगर को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का निस्तारण करने को कहा। जांझरा निवासी वरिष्ठ नागरिक हुकम सिंह ने बड़े बेटे और बहू की प्रताड़ना से बचाने की गुहार लगाई। इस पर क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

85 वर्षीय टेक बहादुर राणा ने भी अपने दोनों बेटों और बहुओं से प्रताड़ित होने की शिकायत करते हुए बेटों को संपत्ति से बेदखल कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी पटेलनगर को मामले में त्वरित कार्रवाई कर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, प्रेमा देवी ने कोषागार से पारिवारिक पेंशन रोके जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी को उसी दिन पेंशन की धनराशि उनके खाते में हस्तांतरित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन के मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी।

अनाथ बच्चों की पढ़ाई और जरूरतमंद परिवारों ने मांगी मदद

जनसुनवाई में आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों ने भी सहायता की गुहार लगाई। श्यामपुर निवासी विधवा उषा ने बताया कि पति, पुत्र और बहू के निधन के बाद वह अपने अनाथ पोते-पोतियों का पालन-पोषण कर रही हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई हो रही है।

मालदेवता निवासी सहाय रमोला ने बताया कि कैंसर के लंबे उपचार के बाद उनके पति का निधन हो गया। अब दो छोटे बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उनके सामने चुनौती बन गई है। वहीं, ग्राम भुड्डी निवासी महताब अली ने मस्तिष्क संबंधी बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी।

भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे और नशे की बिक्री पर कार्रवाई

बालावाला निवासी मीना देवी ने शिकायत की कि करीब 10 वर्ष पहले एक संपत्ति कारोबारी ने गलत खसरा नंबर की भूमि दिखाकर उन्हें 451.67 वर्गमीटर जमीन बेच दी, लेकिन अब न तो उन्हें भूमि मिल रही है और न ही धनराशि वापस की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रकरण में भूमि धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज कराया गया। डालनवाला निवासी रणवीर सिंह की भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा कर दीवार बनाने की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए।

विकासनगर के सिहनीवाला गांव निवासी नारायण सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग-72 के निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर मामले का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। अजबपुर कलां में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर जिला आबकारी अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शास्त्रीनगर के निवासियों ने आवासीय क्षेत्र में शराब, मीट और मछली की दुकानों से उत्पन्न समस्याओं के साथ सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बिजली-पानी के बिल हर माह जारी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का जमीनी स्तर पर स्वयं सत्यापन कर वास्तविक स्थिति के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। बिजली और पानी के दो-तीन महीने के बिल एक साथ भेजने के बजाय प्रत्येक माह नियमित रूप से जारी किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं पर एकमुश्त भुगतान का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

उन्होंने पेंशनरों को समय पर सामाजिक और पारिवारिक पेंशन उपलब्ध कराने, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने तथा आपदा राहत से जुड़े कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों से इन कार्यों को तेजी से पूरा करने को कहा।

ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जनसुविधाओं से संबंधित लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles