राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाये जाने को लेकर डीएम ने ली बैठक
नई टिहरी । जिलाधिकारी डाॅ0वी0षणमुगम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में राज्य स्थापना दिवस को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाये जाने को लेकर रुपरेखा का निर्धारण किया गया। बैठक में तय हुआ कि राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष में स्थापना दिवस के 4 दिन पूर्व से ही जिला स्तर सहित तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन प्रारम्भ कर दिये जायेगें। मुख्य कार्यक्रम 09 नवम्बर को जिला मुख्यालय पर नई टिहरी के बौराड़ी स्थित प्रताप इन्टर काॅलेज प्रांगण में आयोजित किये जायेगा जहां पर मुख्य अतिथि द्वारा उत्तराखण्ड राज्य गठन में शहीद हुए शहीदों को श्रद्धाजंली दी जायेगी तथा राज्य आन्दोलनकारियों एवं स्वतन्त्रता संग्राम सैनानियों को सम्मानित किया जायेगा। मुख्य अतिथि द्वारा जनपद उत्कृष्ट कार्य करने वाले ऐसे अधिकारियों/कर्मचारियों जिनके द्वारा अभिनव पहल कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया है को भी सम्मानित किया जायेगा। उत्कृष्ट अधिकारियों के चयन हेतु जिलाधिकारी ने जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय समिति का गठन किया है। मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के आदर्श विद्यालय एवं अन्तर्जातीय/अन्तर धार्मिक विवाह करने वाले दम्पत्तियों को प्रोत्साहन पुरस्कार वितरित किया जायेगा। इस अवसर पर विकास से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल एवं झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेगें तथा प्रभातफेरी निकाली जायेगी।
पूर्व कार्यक्रमों के तहत शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की क्विज, निबन्ध, डिबेट आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जायेगा। जिला क्रीड़ा विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं एवं मैराथन दौड़ आयोजित की जायेगी। जनपद के नगर निकायांे एवं ग्रामीण निकायों में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। जनपद में स्थित सभी सरकारी भवनों को 08 से 10 नवम्बर तक सांय के समय में दूधियां बल्बों से प्रकाशमान किया जायेगा। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर भी राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाये जाने के निर्देश उप जिलाधिकारियों को दिये हैं। सम्बन्धित तहसील के राज्य आन्दोलनकारियों एवं स्वतन्त्रता संग्राम सैनानियों को सम्बन्धित तहसील स्तर पर ही सम्मानित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को दिये हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ0 योगेन्द्र सिंह रावत, डीएफओ कोकोरोशे, अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी, उप जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, महा प्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र महेश प्रकाश, जिला युवा कल्याण अधिकारी डाॅ0 मुकेश डिमरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कलक्ट्रेट पुष्कर सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।

