विद्यालयों के कोटिकरण में सुधार के निर्देश, लापरवाह शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई :डॉ. धन सिंह रावत

विद्यालयों के कोटिकरण में सुधार के निर्देश, लापरवाह शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई :डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून।विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, देहरादून में गढ़वाल मंडल की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विद्यालयों के कोटिकरण में व्याप्त विसंगतियों को लेकर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोटिकरण की गहन जांच कर मानकों के अनुसार पुनः निर्धारण किया जाए।

उन्होंने विद्यालयों में लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बर्खास्त करने, उनके विरुद्ध कठोर कदम उठाने तथा स्वैच्छिक और अनिवार्य सेवानिवृत्ति के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। डॉ. रावत ने कहा कि शिक्षण में अक्षम शिक्षकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जाएगी।

मंत्री ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के समय पर वितरण पर भी जोर दिया और कहा कि कक्षा 1 से 12 तक सभी विषयों की पुस्तकें विद्यार्थियों को समय से वितरित की जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कलस्टर, पीएम-श्री, डी और सी श्रेणी के विद्यालयों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में प्रत्येक विकासखण्ड से कम से कम एक छात्र को मेरिट सूची में लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने, शिक्षक संगोष्ठियों के आयोजन का प्रस्ताव बनाने, तथा मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक झरना कमठान, निदेशक मुकुल सती, निदेशक संस्कृत शिक्षा डॉ. आनंद भारद्वाज, अपर निदेशक कंचन देवराड़ी, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला सहित गढ़वाल मंडल के सभी ज़िलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles