पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च, पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग

देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि देने हेतु कांग्रेस भवन से घंटाघर तक कैंडल मार्च निकाला।
इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि पाकिस्तान की इस कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ भारत सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब देशवासी इन आतंकी घटनाओं से तंग आ चुके हैं, और समय आ गया है कि भारत सरकार निर्णायक और प्रभावी कार्यवाही करे ताकि भविष्य में कोई दुश्मन इस तरह की नापाक हरकत करने से पहले हजार बार सोचने को मजबूर हो।
ज्योति रौतेला ने केंद्र सरकार की आतंकवाद पर नाकामी की आलोचना करते हुए कहा कि यदि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जीवित होतीं तो देश को यह दिन न देखना पड़ता। उन्होंने कहा कि अब देश एकजुट है, और सरकार को ईंट का जवाब पत्थर से देना होगा। साथ ही, उन्होंने आतंकवादियों की सीमा में घुसपैठ पर गंभीर चिंता जताते हुए गहन जांच की मांग की।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही अनर्गल बयानबाज़ी से देश की जनता भ्रमित नहीं होगी, क्योंकि अब जनता सब समझ चुकी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला ढोडियाल थापा, उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, पार्षद संगीता गुप्ता, प्रदेश महामंत्री अनुराधा तिवाड़ी, सुशीला शर्मा, पार्षद कोमल बोहरा, दीपा चौहान, देवेन्द्र कौर, प्रदेश सचिव इमराना, सविता सोनकर, निर्मला देवी, अंजू भारती आदि मार्च में प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

