सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने ली अधिकारियों की बैठक
रूद्रप्रयाग ।देवभूमि खबर। सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में उत्तराखड सरकार द्वारा विकास के तीन साल: ’बातें कम काम ज्यादा‘ के संबंध में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों की बैठक ली। तथा आगामी 18 मार्च को जनपद की दोनों विधानसभाओं में होने वाले कार्यक्रम हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारियां देते हुए नामित किया। रुद्रप्रयाग विधान सभा का कार्यक्रम गुलाबराय मैदान तथा केदारनाथ विधानसभा का कार्यक्रम अगस्त्यमुनि के क्रीड़ा मैदान में आयोजित होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने विधानसभा रुद्रप्रयाग के लिए अपर जिलाधिकारी अरविंद पांण्डेय तथा केदारनाथ विधानसभा के लिए मुख्य विकास अधिकारी एसएस. चौहान को नामित किया। दोनों विधान सभाओं में लोक निर्माण विभाग टेन्टेज,साउण्ड सिस्टम आदि की व्यवस्था के साथ ही इस पर होने वाले व्यय का आंगणन भी करेंगे।
इन कार्यक्रमों में सभी ग्राम सभाओं का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया गया है जिसके लिए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी न्यूनतम दरों पर वाहनों की व्यवस्था कराएंगे। किसी समस्या होने के संबंध में एआरटीओ से भी समन्वय स्थापित किया जा सकता है। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारी अपने से संबंधित ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देशित करेंगे। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी ज्योति सुंदरियाल, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी कमल रावत, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड पी.एस. बिष्ट, सहायक अभियंता सिंचाई खंड प्रवीन डुंगरियाल तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला की कमेटी बनायी गई है।
नगर पालिका रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत अगस्त्यमुनि को संबंधित कार्यक्रम स्थलों पर सफाई व्यवस्था तथा खाने की व्यवस्था रुद्रप्रयाग विधान सभा हेतु उप निबंधक सहकारिता एवं केदारनाथ विधान सभा हेतु परियोजना प्रबंधक आजीविका को नामित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को अपने स्तर से अनुश्रवण करने हेतु निर्देशित किया है।

