डीएम सविन बंसल ने जनता दर्शन में सुनीं 151 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर किया निस्तारण

देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, निजी भूमि पर कब्जा, बाढ़ सुरक्षा, दैवीय आपदा में क्षतिपूर्ति, आर्थिक सहायता और मुआवजे से जुड़ी कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण किया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान उच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करें।
75 वर्षीय बुजुर्ग राकेश तलवाड़ ने अपनी भूमि सीमांकन का मामला सुलझने पर प्रसन्न होकर जिलाधिकारी को आशीर्वाद दिया। वहीं सुशीला देवी की निजी भूमि पर किराया न देने के बावजूद खड़ा मोबाइल टावर हटाने के आदेश डीएम ने तत्काल जारी किए।
डीएम ने दिव्यकांत लखेड़ा के विरुद्ध मोहल्ले में उत्पीड़न और धमकी के मामलों में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर फास्ट ट्रैक सुनवाई के निर्देश दिए।
बाबूलाल नामक वृद्ध को फरवरी से न मिल रही वृद्धावस्था पेंशन का मामला आने पर डीएम ने समाज कल्याण विभाग को एरियर सहित भुगतान करने को कहा। इसी तरह डेन्डो देवी का आधार कार्ड न बनने पर डीएम ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्राथमिकता से कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
खुडबुड़ा निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग की संपत्ति हड़पने के बाद बेटों द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम को भरण-पोषण वाद दर्ज कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। हरप्रीत कौर के उत्पीड़न मामले में वाद दर्ज करने को कहा गया।
बीमार रीतू, कैंसर पीड़ित सुनील, विधवा गंगोत्री गुप्ता और छात्रा की पढ़ाई के लिए सहायता चाहने वाले प्रताप सिंह के प्रकरणों में डीएम ने आर्थिक सहायता हेतु तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
कई शिकायतें दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों और सरकारी संपत्तियों से संबंधित रहीं, जिन पर एसडीआरएफ मानकों के अनुसार सहायता वितरण के निर्देश दिए गए।
चकराता क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत के लिए लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई के आदेश मिले, जबकि सीमांत कथियान क्षेत्र के 15 गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर बीएसएनएल टावर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
परिवहन निगम की बसें जौली से थानों मार्ग पर बंद होने की शिकायत पर डीएम ने परिवहन महानिदेशक को बस संचालन पुनः आरंभ करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, एसडीमए स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीमए विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, डीडीओ सुनील कुमार, तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह, विवेक राजौरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
