डीएम-एसपी उत्तरकाशी ने स्यानाचट्टी में पहुंचकर अस्थायी झील का लिया जायजा, सुरक्षा के दिए निर्देश
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्य एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सरिता डोबाल ने 22 अगस्त 2025 को यमुना वैली के कस्बा स्यानाचट्टी में पहुंचकर वहां बनी अस्थायी झील का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षात्मक उपायों का जायजा लिया। उन्होंने झील से पानी की निकासी के कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी ने सभी सम्बन्धित एजेंसियों को नदी के ब्लॉकेज एरिया को खोलने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि पानी की निकासी के लिए तकनीकी व आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाए। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयासों से आज झील का जलस्तर थोड़ा कम हुआ है। प्रभावित लोगों को कल रात ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था।
एसपी उत्तरकाशी ने पुलिस को एहतियात के तौर पर तीर्थयात्रियों को बड़कोट, खराड़ी आदि सुरक्षित स्थानों पर रोकने और पानी की निकासी पूरी होने तक आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए। साथ ही झील क्षेत्र के पास दोनों ओर से बैरिकेटिंग कर आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर व आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क मोड पर हैं।
गढगाड़ गदेरे से मलवा आने के कारण यमुना नदी का प्रवाह बाधित होने से स्यानाचट्टी में कल अस्थायी झील बन गई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आस-पास के घरों, मकानों व होटलों को खाली कराया तथा नदी किनारे बसे निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पानी की निकासी के लिए विभिन्न एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।

