SSP NAINITAL की कड़ी कार्यवाही, कुख्यात ITI गैंग की गुंडागर्दी और दहशत खत्म

SSP NAINITAL की कड़ी कार्यवाही, कुख्यात ITI गैंग की गुंडागर्दी और दहशत खत्म
Spread the love

नैनीताल पुलिस ने आईटीआई गैंग लीडर सहित चार लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में गैंग लीडर सहित चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मारपीट, डराने-धमकाने, फायरिंग, तलवार/चाकूबाजी और लूट की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बनाने वाले इस गैंग का आतंक अब खत्म हो गया है।

एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा सभी अधीनस्थों को अपराधियों के आपराधिक क्रियाकलापों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के निकट पर्यवेक्षण में दिनांक 21.08.2025 को प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, कोतवाली हल्द्वानी द्वारा गैंगलीडर देवेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र बलबीर सिंह बिष्ट निवासी गैस गोदाम छड़ायल हल्द्वानी जिला नैनीताल सहित कुल चार सदस्यों का एक सुसंगठित गिरोह चिन्हित किया गया।

इस गिरोह का मुख्य लीडर देवेंद्र सिंह बिष्ट है, जबकि अन्य सदस्य आदित्य नेगी (25 वर्ष), देवेंद्र सिंह बोरा (22 वर्ष) और नवीन सिंह मेहरा (21 वर्ष) हैं। गैंग के सभी सदस्य थाना क्षेत्रान्तर्गत मानव शरीर एवं संपत्ति से संबंधित अपराधों में संलिप्त रहे हैं। यह गैंग हल्द्वानी क्षेत्र में नियमित रूप से मारपीट, धमकाने, सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग करने, तलवार/चाकूबाजी और लूट की घटनाएं करता था, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया था।

यह गैंग हल्द्वानी क्षेत्र में आईटीआई गैंग के नाम से कुख्यात था। इनके कृत्यों से आम जनता में खौफ व्याप्त था और इनका स्वच्छंद विचरण समाजहित में नहीं था। न्यायहित एवं जनहित में इनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गैंग का चार्ट तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की। इसके तहत गैंग लीडर और अन्य सदस्यों के विरुद्ध 21 अगस्त 2025 को एफआईआर संख्या 280/2025 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। इसकी विवेचना थानाध्यक्ष कालाढूंगी प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता द्वारा की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल के सख्त निर्देश और शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश पर गठित पुलिस टीम ने 22 अगस्त 2025 को शीतल होटल के पास टीपी नगर से आईटीआई गैंग के लीडर सहित सभी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में देवेंद्र सिंह बिष्ट, आदित्य नेगी, देवेंद्र सिंह बोरा और नवीन सिंह मेहरा शामिल हैं।

इन सभी के विरुद्ध पूर्व में भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, फायरिंग, गैंगवार और आर्म्स एक्ट के मुकदमे शामिल हैं। पुलिस की यह कार्रवाई आईटीआई गैंग की दहशत पर पूरी तरह से विराम लगाने वाली साबित हुई है।

नैनीताल पुलिस का कहना है कि गुंडागर्दी करने वाले चाहे कितने भी ताकतवर क्यों न हों, कानून से नहीं बच सकते। आम जनता को भरोसा दिलाया गया है कि पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles