जियो टावर पार्ट्स चोरी का खुलासा, पौड़ी पुलिस ने एक साल बाद आरोपी को किया गिरफ्तार

जियो टावर पार्ट्स चोरी का खुलासा, पौड़ी पुलिस ने एक साल बाद आरोपी को किया गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। जनपद में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवप्रयाग पुलिस ने जियो टावर से पार्ट्स चोरी के एक पुराने मामले का सफल खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2025 को वादी सुंदर सिंह निवासी पौड़ी ने राजस्व पुलिस चौकी बनगढ़स्यूं में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा जियो टावर के पार्ट्स चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में राजस्व क्षेत्र पट्टी बनगढ़स्यूं में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले की विवेचना नियमित पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों, गोपनीय सूचनाओं और मानवीय इनपुट के आधार पर लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए मामले की गहन जांच की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 10 जून 2026 को चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त नरोत्तम (39 वर्ष) पुत्र दुखीराम, निवासी मीरगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को खाण्डूसैंण क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जियो टावर से चोरी किए गए पार्ट्स को बेच देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप चौहान और कांस्टेबल जसवंत सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles