संक्रामक बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने दिए सतर्कता के निर्देश

देहरादून। आगामी दिनों में संभावित संक्रामक बीमारियों एवं उनके संक्रमण की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (सीएमएस) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. सुनीता टम्टा ने अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में संभावित संक्रामक बीमारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और चिकित्सालयों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संक्रमण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महानिदेशक ने सभी चिकित्सालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण की रोकथाम के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल एवं आवश्यक सावधानियों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समयबद्ध निगरानी, प्रभावी सर्विलांस, त्वरित उपचार और जन-जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों की स्वास्थ्य स्थिति पर सतत निगरानी रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाएं।
महानिदेशक ने आमजन से अपील की कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सालय में चिकित्सकीय परामर्श लें। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
बैठक में निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. शिखा जंगपांगी, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रीति पंत, अपर निदेशक प्रशासन डॉ. मनु जैन, संयुक्त निदेशक डॉ. वी.पी. सिंह, सहायक निदेशक डॉ. पंकज कुमार सिंह, सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र जोशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
