देहरादून की सड़कों पर चलेगा ‘गड्ढामुक्ति’ का महाअभियान, 30 अक्टूबर तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

Spread the love

देहरादून। देहरादून में सड़कों और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को स्पष्ट समयसीमा के साथ जिम्मेदारी सौंपते हुए 30 अक्टूबर 2026 तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मानसून अवधि समाप्त होते ही 15 सितंबर से जिलेभर में गड्ढामुक्ति अभियान युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। निर्माणदायी एजेंसियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है, जबकि टेंडर प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को तय समयसीमा के भीतर सड़कों को सुगम और गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

सड़क व्यवस्था के साथ शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम देहरादून ने भी अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,14,171 स्ट्रीट लाइटें हैं, जिनमें से 169 लाइटों के खराब होने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

शिकायतों के तत्काल निस्तारण के लिए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में 40 विशेष टीमें तैनात की हैं। ये टीमें मौके पर पहुंचकर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के साथ आवश्यकता के अनुसार उन्हें बदल भी रही हैं।

मंगलवार को मसूरी डायवर्जन, बड़ोवाला, सर्वे ऑफ इंडिया कैंपस, कमला पैलेस-शिमला बाईपास, हरिद्वार बाईपास, सहस्रधारा क्रॉसिंग-आईटी पार्क रोड, आईएसबीटी-निरंजनपुर, दर्शनलाल चौक, सुभाष रोड-रेसकोर्स और फव्वारा चौक-नेहरू कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया।

व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति की निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने स्ट्रीट लाइट, गार्बेज प्वाइंट, मोटर मार्ग, फूड सेफ्टी और विद्युत चोरी की रोकथाम के लिए 20-20 जिला स्तरीय अधिकारियों की अलग-अलग टास्क फोर्स गठित की है।

टास्क फोर्स के अधिकारी रात में भी फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। मौके पर खराब व्यवस्था की गूगल लोकेशन और फोटो तत्काल संबंधित विभाग को भेजी जा रही है, जिससे समस्या के चिन्हीकरण से लेकर समाधान तक अनावश्यक देरी न हो।

दैनिक निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर चिह्नित समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जा रहा है। प्रशासन की रणनीति अब दिन में सड़कों की मरम्मत और रात में व्यवस्थाओं की निगरानी के जरिए देहरादून की यातायात एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।

देवभूमि खबर

Related articles