प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी, पौड़ी में सजीव प्रसारण
पौड़ी।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त आज भागलपुर, बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद पौड़ी के विभिन्न स्थानों पर किया गया, जिसमें विकास भवन पौड़ी, कृषि विज्ञान केंद्र भरसार और जनपद के सभी 15 विकास खंडों एवं न्याय पंचायतों को शामिल किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत विकास भवन में सजीव प्रसारण से पूर्व एक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने कृषि विभाग की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी ने उद्यान एवं बागवानी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की, जबकि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने पशुपालन विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके अलावा, मत्स्य विभाग की योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना 1 दिसंबर 2018 से लागू है। इसके तहत प्रत्येक कृषक परिवार (पति-पत्नी एवं नाबालिग बच्चे) को सालाना 6000 रुपये तीन समान किस्तों में प्रदान किए जाते हैं। यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाती है। इस बार जनपद पौड़ी के 66,792 किसानों को 13.35 करोड़ रुपये की 19वीं किस्त जारी की गई।
जनपद पौड़ी गढ़वाल में कुल 16 स्थानों पर सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें लगभग 1,606 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विधायक राजकुमार पोरी ने सभी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त प्राप्त होने पर बधाई दी।

