₹20 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार, सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई; ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी होगी वैधानिक कार्रवाई

हल्द्वानी/काशीपुर। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधम सिंह नगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार शिकायतकर्ता, जो जसपुर क्षेत्र का पंजीकृत ठेकेदार है, ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाने के कार्य के भुगतान के एवज में जेई विवेक कुमार ने ₹20,000 तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने ₹12,000 रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था।
प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 29 जून 2026 को कुंडा (काशीपुर) में जेई विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से ₹20,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि सह-अभियुक्त ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूरे प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया है।

