HTML tutorial
HTML tutorial

43.570 किलो डोडा पोस्त के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार जब्त

43.570 किलो डोडा पोस्त के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार जब्त
Spread the love

टिहरी । जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 किलो 570 ग्राम डोडा पोस्त के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार संख्या HR51BG9762 को भी जब्त किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के जींद जनपद के निवासी हैं।

एसएसपी टिहरी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना घनसाली पुलिस टीम ने 22 अगस्त की सुबह घुमेटीधार क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग के दौरान संदिग्ध ईको स्पोर्ट्स कार को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखे छह प्लास्टिक कट्टों से कुल 43.570 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।

मौके पर पुलिस ने वाहन सवार दोनों आरोपियों संदीप उर्फ संजू, निवासी ग्राम एवं तहसील नरवाना, जिला जींद, हरियाणा तथा रघुवीर सिंह, निवासी शास्त्री नगर, टोहाना रोड, नरवाना, जिला जींद, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना घनसाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी टिहरी श्रीमती श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध पुलिस लगातार सघन चेकिंग, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हमारा उद्देश्य नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट, अपर उपनिरीक्षक भास्कर, हेड कांस्टेबल मनीष कंडारी, कांस्टेबल अरविंद कुमार एवं होमगार्ड रोहित कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles