धर्मपुर विधानसभा में आजाद समाज पार्टी ने कसी कमर, कार्यकर्ताओं को सौंपी संगठन की जिम्मेदारियां

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी की बैठक शिमला बाईपास रोड स्थित एक स्थान पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। इस दौरान महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार एवं धर्मपुर विधानसभा प्रत्याशी योगेन्द्र चौहान ने विभिन्न कार्यकर्ताओं को संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक का संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुशील सैनी ने किया।
बैठक में संदीप कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष महानगर देहरादून, देवाशीष को महानगर सचिव, सुशांत चंद्र को मंडल अध्यक्ष, ममराज सिंह राणा को मंडल अध्यक्ष-2, राहुल कुमार को महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा, मौ. असलम को महानगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा तथा नरेश कुमार शर्मा को वार्ड अध्यक्ष भारूवाला की जिम्मेदारी दी गई।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पार्टी ने अपने नेता और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के संघर्ष एवं विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय किया जा रहा है।
धर्मपुर विधानसभा प्रत्याशी योगेन्द्र चौहान ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा में इस बार राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के प्रति लोगों में असंतोष है और युवाओं का जुड़ाव आजाद समाज पार्टी एवं चंद्रशेखर आजाद के साथ तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मुद्दों को उठाएंगे। बैठक में पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


