हरिद्वार जनसुनवाई में 56 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 36 सीधे और 20 ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुईं। इनमें से 26 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। कई व्यक्तिगत मामलों में जन्म प्रमाण पत्र, सिंचाई कार्य, भूमि विवाद, पेंशन, बिजली कनेक्शन और चकरोड खुलवाने से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिन पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में स्थापित मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की गईं। ग्रामीणों ने जलभराव, बिजली पोल, पानी की टंकी की लीकेज और पेयजल वितरण जैसी समस्याएं उठाईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए डीएम ने लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एल-1 स्तर पर 421 और एल-2 पर 110 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

