चरखी गेट पर निस्वार्थ ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले 82 वर्षीय रामरतन रावत सम्मानित — ब्रह्मकमल शक्ति संस्था ने किया अभिनंदन
देहरादून। चरखी गेट, कौलागढ़ क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से आमजन को राहत दिलाने में वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे 82 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्री रामरतन रावत को ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान, देहरादून द्वारा सम्मानित किया गया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में वन अनुसंधान संस्थान (FRI) से सेवानिवृत्ति के बाद भी श्री रामरतन रावत पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन सुबह और शाम कुल छह घंटे स्वयं उपस्थित रहकर ट्रैफिक को नियंत्रित करते हैं। यह क्षेत्र सेलाकुई–विकासनगर मार्ग को चरखी गेट और कौलागढ़ से जोड़ता है तथा बल्लूपुर और घंटाघर मार्ग को भी जोड़ता है, जहां प्रतिदिन भारी वाहनों का दबाव रहता है।
सम्मान प्राप्त करते हुए श्री रावत ने कहा कि कुछ महीनों से इस क्षेत्र में जाम की समस्या बढ़ने लगी थी जिससे कौलागढ़ निवासी काफी परेशान हो गए थे। उन्होंने बताया कि घर पर बैठने के बजाय उन्होंने स्वयं ट्रैफिक नियंत्रण की जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया और बिना किसी स्वार्थ के लोगों की सेवा करना अपना कर्तव्य समझा। उन्होंने ब्रह्मकमल शक्ति संस्था और अध्यक्ष अभिनव थापर का आभार व्यक्त किया।
ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान के अध्यक्ष अभिनव थापर ने चरखी गेट पर आयोजित कार्यक्रम में श्री रामरतन रावत को सम्मान-पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 82 वर्ष की आयु में भी श्री रावत की ऊर्जा, समर्पण और सामाजिक चेतना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि रावत की निस्वार्थ सेवा समाज की संकल्प शक्ति को मजबूत करती है और संस्था को उन्हें सम्मानित करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
सम्मान कार्यक्रम में अभिनव थापर, विनोद जोशी, यशपाल धवन, नीरज नौटियाल, हरि सिंह मेहरा, मुनेंद्र पंवार, गौरव गुप्ता, रघुवर दयाल सहित क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारी वर्ग एवं युवाओं ने भाग लिया और ऐसे सेवाभावी नागरिकों को आगे भी सम्मानित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्मकमल शक्ति संस्थान ने प्रशासन से आग्रह किया कि चरखी गेट क्षेत्र के लिए स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन समाधान जल्द लागू किए जाएं ताकि आमजन को जाम से राहत मिल सके।

