टिहरी।आगामी 6 से 9 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहे टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान जिले में 9 स्थानों पर विशेष ट्रैकिंग अभियान संचालित किए जाएंगे। इन अभियानों के माध्यम से प्रतिभागियों को हिमालय की सुंदरता निहारने के साथ-साथ ग्रामीण जनजीवन को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
झील के कारण टिहरी हाल के वर्षों में वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बन चुका है, लेकिन अब प्रशासन पहाड़ी ढलानों, जंगलों और बुग्यालों से होकर गुजरने वाले ट्रैकिंग रूट्स को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी में है। सभी ट्रैकिंग अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि यह पहल केवल साहसिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि टिहरी को एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ट्रैकिंग के दौरान प्रशिक्षित गाइड प्रतिभागियों के साथ रहेंगे और सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं।
फेस्टिवल के दौरान ‘एस्ट्रो नाइट’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें साफ आसमान के नीचे तारों का अवलोकन कराया जाएगा। दिन में ट्रैकिंग और रात में तारामंडल का अनुभव प्रतिभागियों को प्रकृति से गहराई से जोड़ने का अवसर देगा।
उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
