होली पर अल्मोड़ा पुलिस का भरोसे का तोहफा: 11.14 लाख के 76 गुम मोबाइल बरामद, एसएसपी ने स्वामियों को किए सुपुर्द
अल्मोड़ा।होली के पावन अवसर पर अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन को भरोसे और विश्वास का अनमोल तोहफा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री चंद्रशेखर घोडके के कुशल नेतृत्व में जनपद की साइबर सेल ने सराहनीय कार्यवाही करते हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित अन्य राज्यों से गुम हुए कुल 76 मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख 14 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
साइबर सेल की टीम ने अथक प्रयासों से उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुरादाबाद और रामपुर, साथ ही दिल्ली, बिहार और राजस्थान सहित विभिन्न स्थानों से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन रिकवर किए। यह कार्यवाही तकनीकी विश्लेषण और सतत निगरानी के माध्यम से संभव हो सकी।
पुलिस कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्री चंद्रशेखर घोडके ने होली की शुभकामनाएं देते हुए बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन अल्मोड़ा पुलिस पर उनका विश्वास बना हुआ था। मोबाइल वापसी से पुलिस के प्रति उनका भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।सभी मोबाइल स्वामियों ने अल्मोड़ा पुलिस की साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत संचार साथी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम थाने या साइबर सेल को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर मोबाइल की रिकवरी सुनिश्चित की जा सके।
सर्विलांस टीम में उपनिरीक्षक श्री सुनील धानिक (प्रभारी एसओजी), अपर उपनिरीक्षक श्री फिरोज खान, कानि० श्री चन्दन सिंह, कानि० श्री हरीश प्रसाद, कानि० श्री इरशाद उल्ला, कानि० श्री गणेश पाण्डे एवं कानि० श्री राजेश भट्ट ने इस कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

