HTML tutorial
HTML tutorial

माता-पिता पर जानलेवा हमला करने का आरोपी बेटा गिरफ्तार, चाकू-ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद

माता-पिता पर जानलेवा हमला करने का आरोपी बेटा गिरफ्तार, चाकू-ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद
Spread the love

चमोली। माता-पिता के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला करने के आरोप में कर्णप्रयाग पुलिस ने 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताया गया गुलाबी रंग का चाकू, दाढ़ी बनाने वाला ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बगोली निवासी विक्रम सिंह पुत्र आनंद सिंह ने 11 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे उनके 27 वर्षीय बेटे मनोज ने उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ मारपीट की। आरोप है कि मनोज ने ब्लेड से उनके सीने और चेहरे पर वार किए तथा बचाव करने पर गला दबाने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी पत्नी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका बेटा चाकू लेकर उन दोनों पर हमला करने आया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी तीन से चार बार उन पर हमला कर चुका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 109(1) में अभियोग दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और तलाश के बाद 11 अक्टूबर को आरोपी मनोज सिंह पुत्र विक्रम सिंह, निवासी ग्राम बगोली, उम्र 27 वर्ष को बगोली के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताए गए एक गुलाबी रंग के चाकू, दाढ़ी बनाने वाला एक ब्लेड और तीन फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह, प्रभारी चौकी बाजार; हेड कांस्टेबल हरेन्द्र सिंह, चौकी गौचर; हेड कांस्टेबल राकेश पोखरियाल तथा पीआरडी जवान भूपेन्द्र लाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles