उत्तराखंड में स्किल डेवलपमेंट और रोजगार पर होगा मंथन,अक्टूबर में नियोजन विभाग और सेतु आयोग द्वारा आयोजित होगी काॅन्फ्रेंस
देहरादून। मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने आगामी अक्टूबर में नियोजन विभाग और सेतु आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली “उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट और एम्प्लॉयमेंट काॅन्फ्रेंस” की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की। इस काॅन्फ्रेंस का उद्देश्य राज्य के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से सशक्त करना और उनकी रोजगार से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर विचार-विमर्श करना है।
मुख्य सचिव ने इस काॅन्फ्रेंस में नीति आयोग, अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन, इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट, इंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, यूएनडीपी और यूनिसेफ जैसी प्रमुख संस्थाओं को जोड़ने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के अवसरों पर एक विशेष सत्र आयोजित करने और विदेशी आवश्यकताओं के अनुसार कौशल विकास के पाठ्यक्रम तैयार करने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव ने राज्य के सभी विभागों से कौशल विकास के साथ समन्वय बनाकर काम करने और वन विभाग को स्थानीय युवाओं को ट्रेकिंग के लिए नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने की योजना पर भी काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव श्री आर मीनाक्षी सुन्दरम, श्री सचिन कुर्वे और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
