देहरादून में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में वांछित हिरोध सिंह को पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में गिरफ्तार किया है। हिरोध सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, हिरोध सिंह पहाड़ी जनपदों से चरस एकत्रित करता था और अपने साथी इंद्रमणि बेलवाल के माध्यम से उसे देहरादून भेजता था। इससे पहले, पुलिस ने इंद्रमणि बेलवाल को 02 किलो अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद हिरोध सिंह का नाम सामने आया था।
गिरफ्तारी के प्रयासों के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हिरोध सिंह देहरादून आ रहा है, जिसके बाद उसे मीठीबेरी के पास पकड़ा गया। पूछताछ में हिरोध ने बताया कि उसकी मुलाकात इंद्रमणि से उत्तरकाशी में चरस की तस्करी के दौरान हुई थी। हिरोध ने बताया कि देहरादून में शिक्षण संस्थानों की संख्या अधिक होने के कारण यहां चरस की मांग रहती थी, जिससे वह तस्करी करने लगा।

