जिलाधिकारी वंदना सिंह ने आपदा प्रभावित खूपी गांव और भवाली शहर का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश
रिपोर्ट। ललित जोशी/ हर्षित जोशी।
नैनीताल । जिलाधिकारी वंदना सिंह ने 22 किलोमीटर दूर स्थित भीमताल विकास खंड के आपदा प्रभावित खूपी गांव और 11 किलोमीटर दूर भवाली का देर रात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने सभी को कार्यों में तत्परता लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खूपी गांव में भूधसाव के कारण खतरे में आए 18 परिवारों से मुलाकात की। उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने अवगत कराया कि गांव का सर्वेक्षण पहले ही किया जा चुका है और इन परिवारों को सुरक्षा के दृष्टिगत आपदा विस्थापन नीति के तहत छह माह का किराया देते हुए सुरक्षित स्थानों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने गांव का पुनः सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और प्रभावितों के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को भूधसाव रोकथाम के लिए 24 लाख रुपये की परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और तेजी से कार्य करने को कहा। उन्होंने गांव के दोनों ओर बह रहे नालों और नुकशान के दीर्घकालिक मरम्मत के लिए अलग-अलग प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
भवाली में जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया और जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने 11 करोड़ से अधिक लागत से बन रहे नैनीबैंड सेनिटोरियम बाईपास और भवाली पुल परियोजना की प्रगति का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों को समय से पूर्व गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। सेनिटोरियम के समीप रिसाइकलिंग प्लांट के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया ताकि कूड़े का उचित सेग्रिगेशन हो सके।
कैंचीधाम बाईपास का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सड़कों की प्रगति, पेड़ों की गिनती और डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। भवाली में निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया ताकि जाम की समस्या से राहत मिले।
इस निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, महाप्रबंधक केएमवीएन, एसडीएम प्रमोद कुमार, केएन गोस्वामी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।


