राज्य की 24वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री की घोषणाओं पर कांग्रेस का हमला, बताया “जुमलों का पिटारा” धस्माना बोले- प्रधानमंत्री के आग्रह स्वागत योग्य, लेकिन राज्य सरकार का आचरण विपरीत
देहरादून। उत्तराखंड की 24वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश में किए गए नौ आग्रहों और विकास कार्यों की प्रशंसा पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रधानमंत्री के संदेश को “जुमलों का पिटारा” करार देते हुए कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री के दावों का कोई वास्तविकता में आधार नहीं दिखता।
धस्माना ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकास के दावों के विपरीत राज्य के युवा स्थापना दिवस पर रोजगार के लिए प्रदर्शन कर रहे थे और उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। “डबल इंजन सरकार” के कामों की तारीफ करना, जबकि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है, बेहद हास्यास्पद है।
सूर्यकांत धस्माना ने प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड की सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हाल ही में अल्मोड़ा में सड़कों की खस्ता हालत के कारण एक दुर्घटना में 36 लोगों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि पिछले 22 महीनों में उत्तराखंड में 1800 से अधिक लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए हैं, जो राज्य की सड़कों की दयनीय स्थिति को दर्शाता है। स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रधानमंत्री के दावे के बावजूद, राज्य के जिला अस्पताल “रैफरल सेंटर” बन गए हैं, जहां मरीजों को ठीक से इलाज तक नहीं मिल रहा।
धस्माना ने प्रधानमंत्री के उच्च शिक्षा की तारीफ पर निशाना साधते हुए कहा कि 2019 से अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर कोई नियुक्ति नहीं हुई है।
प्रधानमंत्री द्वारा किए गए नौ आग्रहों पर धस्माना ने कहा कि वे आकर्षक हैं, लेकिन ये उसी तरह के वादे हैं जैसे “हर खाते में 15 लाख रुपये आएंगे” और “फसल की कीमत लागत से दोगुनी होगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य सरकार का आचरण प्रधानमंत्री के आग्रहों के ठीक विपरीत है, ऐसे में जनता उन आग्रहों को कैसे पूरा कर सकती है?


