HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर यूसीसी लागू नहीं होने पर कांग्रेस ने साधा निशाना, गरिमा दसौनी ने लगाया वादा खिलाफी का आरोप

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर यूसीसी लागू नहीं होने पर कांग्रेस ने साधा निशाना, गरिमा दसौनी ने लगाया वादा खिलाफी का आरोप
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रदेश की धामी सरकार पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के वादे से मुकरने का आरोप लगाया। दसोनी का कहना है कि भाजपा सरकार राज्य की जनता को यूसीसी का उपहार देने की बात कर रही थी, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं किया गया।

दसौनी ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों से यूसीसी का प्रचार कर रही है, और इसे लागू करने की डुगडुगी पीट रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद को यूसीसी लागू करने वाले पहले मुख्यमंत्री के रूप में प्रचारित किया था, खासकर आगामी लोकसभा चुनावों के दौरान। परंतु आज, उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर भी यूसीसी लागू नहीं होने से यह स्पष्ट हो गया कि सरकार का दावा खोखला था। दसोनी ने कहा, “भेड़िया आया की कहावत उत्तराखंड में चरितार्थ हो रही है।”

गरिमा दसौनी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में यूसीसी को लेकर जनता में कोई खास रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लव जिहाद, लैंड जिहाद, धर्मांतरण कानून और अन्य धार्मिक मुद्दों को उछालकर राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया है, लेकिन यूसीसी के मामले में बार-बार केवल बयानबाजी ही देखने को मिली है। उन्होंने कहा, “भाजपा को अब यह एहसास हो गया है कि छद्म हिंदुत्व की राजनीति के सहारे वह अधिक समय तक टिक नहीं सकती।”

दसौनी ने कहा कि आगामी केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा की संभावित हार भी सरकार की चिंता का कारण है। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार हार के डर से यूसीसी लागू करने के वादे से पीछे हट रही है। दसोनी ने कहा, “धामी सरकार को यह डर सता रहा है कि यदि यूसीसी लागू नहीं किया गया तो उसकी हार का मार्जिन और बढ़ सकता है।”

गरिमा दसौनी ने राज्य सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वाकई में भाजपा यूसीसी लागू करने को लेकर गंभीर है तो केदारनाथ उपचुनाव से पहले इसे लागू करके दिखाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार यूसीसी लागू नहीं कर सकती तो उसे राज्यवासियों से माफी मांगनी चाहिए। दसोनी ने यह भी आरोप लगाया कि यूसीसी समिति के गठन, सदस्यों की तनख्वाह, और बैठकों पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जो कि केवल जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

दसौनी ने भाजपा पर राज्य में सांप्रदायिकता का माहौल बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लव जिहाद, लैंड जिहाद, धर्मांतरण और थूक जिहाद जैसे मुद्दों का जमकर प्रचार किया और इन मुद्दों को उभारकर लोगों में डर और विभाजन की भावना पैदा करने की कोशिश की। दसोनी का कहना है कि जब यूसीसी लागू करने की बात आती है, तो भाजपा हर बार पीछे हट जाती है। उन्होंने कहा, “यूसीसी के नाम पर भाजपा ने सिर्फ खोदा पहाड़, निकला चूहा जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी है।”

गरिमा दसौनी ने कहा कि भाजपा ने बार-बार यूसीसी को लेकर झूठे वादे किए और राज्य की जनता को भ्रमित किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल दिखावटी घोषणाओं और वादों के जरिए सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने राज्य की जनता को सच्चाई से अवगत कराने की मांग की और कहा कि अगर सरकार यूसीसी को लेकर गंभीर नहीं है, तो उसे जनता से माफी मांगनी चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles