प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती 25 नामजद व 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज
देहरादून कानून हाथ में लेकर अराजकता फैलाने वाले 25 नामजद व 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में दून पुलिस ने केस दर्ज किया है m
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में बेरोजगार संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा बिना अनुमति के किए गए प्रदर्शन के कारण शहर में भारी अव्यवस्था का माहौल बन गया। अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ते प्रदर्शनकारियों को जब पुलिस ने हाथीबड़कला बैरियर पर रोका, तो उन्होंने सड़क पर उपद्रव करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया और यातायात में अवरोध उत्पन्न किया। इस हंगामे के कारण दोनों ओर से यातायात ठप हो गया, जिससे बुजुर्ग, बीमार लोग, स्कूली बच्चे और एम्बुलेंस वाहनों को भी अत्यधिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कानून हाथ में लेने वाले प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई की है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और सार्वजनिक कार्यों में बाधा डालने के आरोप में 25 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस उपद्रव में शामिल प्रमुख व्यक्तियों में राम कंडवाल, बॉबी पंवार, अखिल तोमर, पीयूष जोशी, विशाल चौहान, और अन्य कई लोगों को शामिल किया गया है। इन सभी पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दून पुलिस ने अपनी अपील में कहा है कि युवाओं को किसी भी राजनीतिक बहकावे में आकर कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि इस प्रकार के मामलों में अभियोग पंजीकृत होने से उनके भविष्य में सरकारी नौकरी के अवसरों पर बुरा असर पड़ सकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी से संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की है ताकि किसी को भी इस प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।


