वैदिक मंत्रोच्चार और जय बद्री विशाल के उद्घोष के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बद्रीनाथ धाम के कपाट

23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए भगवान बद्री विशाल के दर्शन, यात्रा ने बनाया नया कीर्तिमान
बद्रीनाथ। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक विधि-विधान और जय बद्री विशाल के गगनभेदी उद्घोष के बीच सोमवार 16 नवंबर 2026 को रात्रि 9:37 बजे भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के इस पावन और भावुक क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे। इसी के साथ वर्ष 2026 की बद्रीनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया।
कपाट बंद होने के अंतिम दिन बद्रीनाथ मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। पंच पूजा के अंतिम चरण में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने भगवान नारायण की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद घृत-कम्बल अर्पित करने तथा परंपरानुसार माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान करने की धार्मिक परंपरा निभाई गई। सेना के बैंड की मधुर धुनों, घंटी-घड़ियालों की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
कपाट बंद होने के आयोजन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकासी मार्गों सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
परंपरा के अनुसार 17 नवंबर को प्रातः भगवान श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी की प्रतिमाएं भव्य डोली शोभायात्रा के साथ योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी विधिवत रूप से ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी। शीतकाल के दौरान भगवान बद्री विशाल की पूजा-अर्चना योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर में संपन्न होगी।
उल्लेखनीय है कि 23 अप्रैल 2026 को भगवान श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। इस वर्ष यात्रा के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। यात्रा अवधि में 23 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। देश की अनेक विशिष्ट हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ फिल्म, साहित्य, संगीत एवं खेल जगत की प्रतिष्ठित विभूतियों ने भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कपरवाण, मुख्यमंत्री सलाहकार (बीकेटीसी एवं चारधाम यात्रा) माधव सेमवाल, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


