श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की चार सड़कों का होगा कायाकल्प: डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून।श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कें अब नए रूप में नजर आएंगी। क्षेत्र के खिर्सू और पाबौं ब्लॉक की चार सड़कों के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए सरकार ने 5 करोड़ 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इन सड़कों के निर्माण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है, जिसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़कों के सुधारीकरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। प्रथम चरण में खिर्सू और पाबौं विकासखंड की चार सड़कों के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है। इनमें फरासू-मनदोली-चकवाली मोटर मार्ग के लिए 74.61 लाख, खंडाह कोटी-नेसु-दुर्गाकोट मोटर मार्ग के लिए 1.58 करोड़, स्वीत-गहड़-ओडला मोटर मार्ग के लिए 1.06 करोड़ और सकल्याणा मल्ला मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यदि डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य में कोई कोताही बरती गई, तो संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग लंबे समय से इन सड़कों के सुधार की मांग कर रहे थे, जिस पर सरकार ने तत्काल संज्ञान लिया है।
मंत्री ने आगे कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। इसके लिए पुरानी और क्षतिग्रस्त सड़कों का तेजी से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

