जिला कलेक्ट्रेट सभागार टिहरी में जनता मिलन कार्यक्रम, जिलाधिकारी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
नई टिहरी।सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आम जनता से उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर दर्ज शिकायतों में प्रमुख रूप से पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग और बाल विकास से संबंधित मामले थे। एक शिकायत में पुजारगांव, कोटालगांव के निवासी वासुदेव ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम प्रतापनगर को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम खिटबड़ी (घेरा) के निवासी परिपूर्णानन्द ने चौण्डी-सेमलासू मोटर मार्ग निर्माण के दौरान उनके मकान के नीचे हो रहे कटान से मकान को होने वाले नुकसान की आशंका जताई और पुश्ता निर्माण की मांग की, जिस पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, जगजीत सिंह नेगी ने पुनर्वास नीति के तहत आवासीय सुविधा देने का अनुरोध किया, जिस पर पुनर्वास खंड के अधिशासी अभियंता को कार्यवाही करने को कहा गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने लम्बित शिकायतों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभागों को अपने कार्यों में प्रगति लाने और आवंटित धनराशि का समय से उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए।
इस बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम ए.के. पाण्डेय, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम घनसाली संदीप कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

