अपराध गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे का सख्त रुख, लापरवाही पर थाना प्रभारियों को फटकार,उत्कृष्ट कार्य के लिए 57 पुलिसकर्मी सम्मानित

अपराध गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे का सख्त रुख, लापरवाही पर थाना प्रभारियों को फटकार,उत्कृष्ट कार्य के लिए 57 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

टिहरी पुलिस लाइन चंबा में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को एसएसपी ने कड़ी फटकार लगाई।

एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों सहित संवेदनशील श्रेणियों का नियमित एवं प्रभावी सत्यापन कराने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने, रात्रि गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने को कहा।

मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने साइबर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों को शीघ्र राहत तथा तकनीकी सहायता के साथ प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ड्रंकन ड्राइव, तेज गति एवं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग और निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीनियर सिटीजन पोर्टल सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी के दौरान टिहरी जनपद में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने तथा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी कर्तव्य के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सम्मानित कार्मिकों को भविष्य में भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, जांचों और शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, न्यायालयों से जारी आदेशिकाओं की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने आचरण और कार्यशैली से इस विश्वास को और मजबूत करे। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश चंद्र लखेड़ा सहित जनपद मुख्यालय के अधिकारी, सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles